वायरल वीडियो 5 साल पुराना है, जब एक पॉडकास्ट के दौरान रोहित शर्मा ने जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना से उनके यूट्यूब टॉक शो ‘डबल ट्रबल’ में खेल को लेकर बातचीत की थी।

अभी हाल ही में भारत की महिला क्रिकेट टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीत कर इतिहास रच दिया था। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका की टीम को हराकर इस जीत को अपने नाम किया था। इसी से जोड़ता हुए इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा ने महिला टीम को वर्ल्ड कप जीतने के लिए अपनी तरफ से टिप्स दिए थे। और यह वीडियो उसी का है। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
हिटमैन’ ने worldcup जीतने के लिए महिला टीम को दिए टिप्स worldcup जीतने का सपना पूरा करने के लिए बनाया प्लान
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वीडियो से तस्वीर को लेकर गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Baseline Ventures नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का मूल वर्जन मिला, जिसे 30 अप्रैल 2020 को साझा किया गया था। ‘डबल ट्रबल विद स्मृति एंड जेमी’ नाम के पॉडकास्ट का है। इसमें वायरल वीडियो वाला हिस्सा 16. 41 सकेंड से 17 .30 सकेंड तक में दिखाई देता है। वीडियो में रोहित शर्मा बोलते हैं कि वर्ल्ड कप जीतना सपना है, एक चीज हम दोनों में कॉमन है कि आईसीसी नॉकआट में सेमीफाइनल में हम लोग हार रहे हैं, आप लोग फाइनल में हार रहे हो।
हमें वीडियो से जुड़ी पोस्ट स्मृति मंधाना के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी शेयर की हुई मिली। यहां पर 30 अप्रैल 2020 को की गई पोस्ट में इसे पॉडकास्ट का ही बताया गया है।
और सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो से जुड़ी खबर india.com की वेबसाइट पर मिली। 1 मई 2020 को प्रकशित इस रिपोर्ट के अनुसार, “रोहित शर्मा ने भारतीय महिला टीम की क्रिकेटरों जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना से उनके यूट्यूब टॉक शो ‘डबल ट्रबल’ में खेल को लेकर बातचीत की थी और इस दौरान टीम के खिलाडियों बारे में भी बात की। वीडियो में रोहित शर्मा ने स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स को सलाह दी थी कि उन्हें शुरुआती मैच हारकर नॉकआउट के लिए क्वालिफाई करना चाहिए, अंत में बड़े मैच जीतने चाहिए।”
फिर हमें एनडीटीवी की 3 मई 2020 को प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया है कि रोहित शर्मा ने भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू के दौरान अपने फेवरेट शॉट को लेकर बात की। साथ ही रोहित ने अपने इंटरव्यू में महिला क्रिकेटर को सलाह देते हुए कहा कि जब आप ओपनर हैं तो यह समझ कर बल्लेबाजी करें कि आपको 50 ओवर तक बल्लेबाजी करनी है।
इसलिए हम कह सकते हैं वायरल वीडियो पांच साल पुराना है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि रोहित शर्मा का पांच साल पुराना वीडियो विश्व विजेता महिला टीम को टिप्स देने के दावे से शेयर किया जा रहा है। वायरल यह वीडियो साल 2020 का है और ‘डबल ट्रबल विद स्मृति एंड जेमी’ नाम के एक पॉडकास्ट का है।
Title:जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना से बात करते रोहित शर्मा का पुराना वीडियो अभी के दिनों का बता कर किया जा रहा है वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


