यूपी में बुर्का पहने पकड़े गए रेप के आरोपी का मुस्लिम होने का  दावा गलत है…

Communal Misleading

राजस्थान पुलिस ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के वृंदावन से बुर्का पहने दुष्कर्म आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस की गिरफ्त में बुर्का पहने एक व्यक्ति को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के वृंदावन में बुर्का पहने पकड़े गए रेप के आरोपी शख्स मुस्लिम है। 

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- हिजाब उतरते ही मुस्लिम आरोपी पकड़ा गया ,वृंदावन में बुर्का पहने हुए रेप का आरोपी गिरफ्तार ,इनामी बदमाश ने राजस्थान के धौलपुर में नाबालिग लड़की का नौकरी दिलाने के बहाने किया था रेप, हिंदुओं आप मानते बुर्के की आड़ में घटिया काम हो रहे .?

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि… 

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में  वायरल वीडियो की खबर हमें आजतक की 31 दिसंबर 2025 की रिपोर्ट मिली। प्रकाशित खबर के मुताबिक, राजस्थान पुलिस ने रेप के आरोपी राजेंद्र सिसोदिया को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन से गिरफ्तार किया था।

आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए मुस्लिम महिला के रूप में बुर्का पहनकर रह रहा था।

 खबर के अनुसार शख्स ने राजस्थान के धौलपुर में नौकरी का लालच देकर 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

टाइम्स नाउ ने 30 दिसंबर को एक्स हैंडल से वायरल वीडियो को पोस्ट किया है। इसके साथ में जानकारी दी गई है कि पुलिस ने बुर्का पहनकर वृंदावन में रह रहे इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने राजस्थान के धौलपुर में नाबालिग लड़की का नौकरी दिलाने के बहाने रेप किया था।

पड़ताल में हमें दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। खबर में धौलपुर एसपी विकास सांगवान के हवाले से बताया गया कि राजेंद्र सिसोदिया एक शातिर अपराधी है। वह आरएसी बटालियन में तैनात था ।लेकिन पॉक्सो, अपहरण और मारपीट जैसी वारदातों के कारण उसे पहले ही बर्खास्त किया जा चुका था।

आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर, डिप्टी एसपी और पुलिस का अधिकारी बनकर नाबालिग लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर शिकार बनाता था। उसके खिलाफ कुल 5 मामले दर्ज हैं।

इसके बाद हमें धौलपुर पुलिस का फेसबुक अकाउंट चेक किया। इससे 30 दिसंबर को इस मामले से संबंधित जानकारी पोस्ट की गई है। इसके अनुसार, नाबालिग से रेप के आरोपी राजेन्द्र सिंह सिसोदिया उर्फ रामभरोसी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उसे यूपी के वृंदावन के गोवर्धन इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से बचने के लिए वह महिला की वेशभूषा में छिपा हुआ था। आरोपी आरएसी का बर्खास्त कॉन्स्टेबल है। 

पोस्ट में धौलपुर के एसपी विकास सांगवान का वीडियो बयान और पुलिस की गिरफ्त में बुर्का पहने आरोपी के वीडियो का कोलाज भी शेयर किया गया है।

हमने कोतवाली धौलपुर के इंचार्ज वीरेंद्र सिंह से संपर्क किया। उन्होंने वायरल सांप्रदायिक दावे का खंडन करते हुए कहा, “आरोपी हिंदू है उसका नाम राजेंद्र सिसोदिया उर्फ रामभरोसी है। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर महिला के भेष में रहा था।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, गिरफ्त में आए बुर्का पहने दुष्कर्म आरोपी के धर्म को लेकर गलत दावा किया जा रहा है। वह मुस्लिम नहीं है।

Avatar

Title:यूपी में बुर्का पहने पकड़े गए रेप के आरोपी का मुस्लिम होने का दावा गलत है…

Fact Check By: Sarita Samal 

Result: Misleading

Leave a Reply