यह वीडियो हिमाचल प्रदेश के मनाली का नहीं बल्कि तुर्किये के मलात्या शहर का वीडियो है।

इन दिनों पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। कश्मीर,उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश के मनाली, किन्नौर, शिमला, सिरमौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है,जिसमें दिखाई दे रहा है कि बर्फबारी वाली एक जगह पर एक कार पेड़ से टकराती है तो उसके बगल की कार फिसलकर नीचे की ओर गिरती हुई दिखाई देती है। यह वीडियो साझा करते हुए यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि यह मनाली का वीडियो है जहां बर्फबारी के बाद यह हादसा हुआ। वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया गया है…
मनाली में बर्फ़बारी के बीच हालात बेहद ख़तरनाक। सड़कों पर गाड़ियाँ बुरी तरह स्किड हो रही हैं…ज़रा सी लापरवाही जानलेवा बन सकती है। कृपया सोच-समझकर चलें, धीरे चलें, सुरक्षित रहें। Life से बड़ा कुछ नहीं है भाई।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को लेकर उसे गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो तुर्किये के फेसबुक पेज ‘Mynet’ पर मिला। यहां वीडियो को 30 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। इसके साथ तुर्किये की भाषा में कैप्शन लिखा गया है जिसके अनुसार, वीडियो को तुर्किये के मलात्या शहर का बताया गया है, जहां पर बर्फीली परिस्थितियों के कारण एक कार फिसल गई और दूसरी कार से टकरा गई। हादसे के वीडियो को कैमरे में कैद कर लिया गया।
फिर हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट तुर्किये की न्यूज वेबसाइट haber49 पर मिली जिसे 29 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। यहां भी वीडियो को तुर्की के मलात्या शहर का ही बताया गया है।
इसके साथ ही तुर्की की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी Anadolu Ajans की वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर प्रसारित 29 दिसंबर 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना मलात्या के Yeşilyurt में हुई थी,जब Tecde इलाके की एक गली में सड़क से नीचे उतरते समय बर्फ के कारण एक कार फिसल गई और सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार से टकरा गई, रिपोर्ट के अनुसार इस पल को एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था।
और पड़ताल करने पर हमें CNN TURK और Gulf Times के इंस्टाग्राम हैंडल के हवाले से यह वीडियो साझा किया हुआ मिला। जिसके साथ यहीं जानकारी दी गई है कि Malatya के Yesilyurt जिले में भारी बर्फबारी की वजह से एक गाड़ी का कंट्रोल खो गया और वह फिसलने लगी।
साथ ही हमें वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट भी मिली। जिनके हवाले से इस वीडियो को तुर्किये में हुए हादसे का ही बताया गया है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि बर्फीले रास्ते पर गाड़ी फिसलने का वायरल यह वीडियो मनाली की हालिया घटना नहीं है। यह तुर्किये के मलात्या शहर का वीडियो है जहां पर भारी बर्फबारी के एक कार कारण कंट्रोल खोकर फिसल गई थी।
Title:बर्फ में फिसलती गाड़ियों का तुर्की का वीडियो मनाली के दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


