सलमान खान ने बिहार के मुख्‍यमंत्री को नहीं कहा माफी मांगने के लिए, वीडियो एडिटेड…

Misleading Social

बिहार में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां मौजूद एक मुस्लिम महिला का हिजाब हटा दिया था। जिसके बाद  सोशल मीडिया पर यह मामला तूल पकड़ लिया। इसी से जोड़ते हुए सलमान खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उन्‍हें नीतीश कुमार को माफी मांगने की सलाह देते हुए दिखाया गया है। वीडियो को सच समझकर इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- जितना जल्दी हो सके, माफ़ी माँग लो नीतीश कुमार।” — Salman Khan.”

 फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि… 

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें सलमान खान के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। यहां पर वीडियो को 2 मई को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है।

वीडियो ‘हैप्पी महाराष्ट्र डे’ के कैप्शन के साथ शेयर किया गया है।

आगे जांच में हमें यह वीडियो एमएफ न्यूज नाम के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। यहां वीडियो को 2 मई 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र दिवस पर सलमान खान ने यह वीडियो जारी किया ,जिसमें वह इस दिन की शुभकामनाएं मराठी में दे रहे हैं।

पड़ताल में आगे हमें यह वीडियो पिंक विला इंस्टाग्राम  पेज पर भी 2 मई को अपलोड किया हुआ मिला। यहां इन वीडियो में सलमान खान भी मराठी में महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नजर आए ।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने यह जानने की कोशिश की कि क्या सलमान खान ने इस घटना पर किसी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया दी है। न्यूज सर्च किए जाने पर हमें इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

हमने वायरल वीडियो और हमें मिले वीडियो का विश्लेषण किया। जिससे ये साफ है कि वीडियो को एडिट किया गया है।

नीतीश ने  महिला डॉक्टर का खींचा  हिजाब –

15 दिसंबर 2025 को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र वितरण समारोह चल रहा था। इसी दौरान मंच पर मौजूद एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा हटाने की घटना सामने आई । यह घटना कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम जनता की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलीं हैं। कई लोगों ने इसे महिला की निजता और धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति असंवेदनशील बताया है। 

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद, हमने पाया कि,  नीतीश कुमार को लेकर सलमान खान ने कोई बयान नहीं दिया है वायरल वीडियो में सलमान खान का ऑडियो एडिटेड है। असली वीडियो महाराष्ट्र दिवस का है, जिसमें सलमान खान ने इस मौके पर शुभकामनाएं दी थीं।

Avatar

Title:सलमान खान ने बिहार के मुख्‍यमंत्री को नहीं कहा माफी मांगने के लिए, वीडियो एडिटेड…

Fact Check By: Sarita Samal 

Result: Misleading