राहुल गांधी का बयान भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा है। असल वीडियो में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार कई धर्मों से लिया था, न कि केवल इस्लाम से।

राहुल गांधी के क्लिप्ड वीडियो हमेशा से सोशल मीडिया यूजर्स के लिए मनोरंजन और विवाद का विषय रहे हैं। इससे पहले भी कई बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी के क्लिप्ड वीडियो को संदर्भ से हटकर संदेश फैलाने के इरादे से वायरल किया जा चूका है।
हाल ही में एक ऐसा ही क्लिप्ड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार इस्लाम से लिया था। 24 सेकंड के इस वीडियो में, हम राहुल गांधी को यह कहते हुए सुन सकते हैं, “महात्मा गांधी अहिंसा के महान प्रतिपादक थे, लेकिन महात्मा गांधी जी ने अहिंसा का विचार हमारे महान धर्मों से, हमारे महान गुरु से लिया था। महात्मा गांधी जी ने अहिंसा का विचार प्राचीन दर्शन, इस्लाम से लिया था।”
इन्स्टाग्राम पोस्ट | आर्काइव लिंक | फेसबुक पोस्ट
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने असली वीडियो खोजने के लिए गूगल पर कीवर्ड सर्च करके अपनी पड़ताल शुरू की। हमें राहुल गांधी का असली वीडियो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के फेसबुक पेज पर मिला। जनवरी 2019 में, दुबई में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए, उन्होंने महात्मा गांधी के अहिंसा के आदर्शों का ज़िक्र किया था। फेसबुक पर यह वीडियो लगभग 28 मिनट लंबा है।
आर्काइव लिंक
हमने पाया कि वायरल वीडियो क्लिप मूल वीडियो के एक लंबे वर्जन का एक छोटा सा हिस्सा है। मूल वीडियो में, राहुल गांधी ने कहा था कि महात्मा गांधी ने अहिंसा के अपने आदर्श को इस्लाम, ईसाई धर्म और यहूदी धर्म से अपनाया था। मूल वीडियो में, वे कहते हैं, “महात्मा गांधी अहिंसा के महान प्रतिपादक थे, लेकिन महात्मा गांधी जी ने अहिंसा का विचार हमारे महान धर्मों, हमारे महान गुरुओं से लिया था। महात्मा गांधी जी ने अहिंसा का विचार प्राचीन दर्शन से, इस्लाम से, ईसाई धर्म से, यहूदी धर्म से, हर उस महान धर्म से लिया जहाँ यह स्पष्ट रूप से लिखा है कि हिंसा से किसी को कुछ हासिल नहीं होगा।”
नीचे आप वायरल क्लिप्ड वीडियो और मूल वीडियो का तुलनात्मक वीडियो देख सकते हैं।
राहुल गांधी का यह वीडियो कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से भी ट्वीट किया गया। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “लाइव: कांग्रेस अध्यक्ष @RahulGandhi दुबई में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए। #RahulGandhiInDubai।” यह वीडियो 11 जनवरी 2019 को पोस्ट किया गया था।
निष्कर्ष-
फैक्ट क्रेसेंडो ने पाया कि उपरोक्त वीडियो क्लिप किया गया है और इसे गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। मूल वीडियो में, राहुल गांधी यह नहीं कह रहे हैं कि गांधी जी ने अहिंसा का विचार इस्लाम से लिया है, बल्कि वे कहते हैं कि अहिंसा का विचार इस्लाम, ईसाई धर्म और यहूदी धर्म जैसे कई अन्य धर्मों से लिया गया है।

Title:राहुल गांधी ने यह नहीं कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार इस्लाम से लिया था।
Fact Check By: Drabanti GhoshResult:Missing Context
