
सोशल मीडिया पर बाढ़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी तेज बहाव से बह रहा है और किनारे पर बना एक मकान ढह जाता है।वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली में आई बाढ़ का है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- दिल्ली में बाढ़ का कहर।”
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो देहरादून का है।
इसके अलावा ये वीडियो हमें News Muni नाम के यूट्यूब चैनल्स पर भी अपलोड किया हुआ मिला। जानकारी के अनुसार ये देहरादून में आई बाढ़ का है।
अधिक सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो Narendra Pratap नाम के पत्रकार के अधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिला। वीडियो को 12 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन में वीडियो को देहरादून का बताया गया है।
इसके अलावा हमें एक खबर मिली, जिसमें वायरल वीडियो से मिलते हुए दृश्य दिखाई देते हैं। प्रकाशित खबर के कैप्शन में लिखा है-देहरादून में बारिश का कहर, उफान पर बिंदाल नदी, बाढ़ का बढ़ा खतरा!
दिल्ली में लगातार बारिश-
14 अगस्त को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में लगातार हुई बारिश के कारण यमुना का पानी लगातार बढ़ रहा है।यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर को पार कर गया। यदि यही स्थिति रही तो यह खतरे के निशान 205.35 मीटर को पार कर सकती है। निचले हिस्से में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन ने उन्हें सतर्क रहने को कहा है। आवश्यकता अनुसार इन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की भी तैयारी है। कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिल रही है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, दिल्ली में बाढ़ के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि देहरादून का है।

Title:देहरादून में आई बाढ़ का वीडियो को दिल्ली का बताकर वायरल….
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading
