स्पेन की जनता का बार्सिलोना की मस्जिद में आग लगाए जाने के दावे से वायरल यह वीडियो, साल 2022 में जकार्ता की मस्जिद में लगी आग का है।

अभी बीते 12 जुलाई को स्पेन के शहर पिएरा में एक मस्जिद में आग लगने की घटना सामने आई थी। यह मामला मस्जिद के उद्घाटन से दो दिन पहले का ही था। लेकिन इसमें जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ था। इसी संदर्भ से जोड़ कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक मस्जिद में भयंकर आग लगी है और इससे धुंआ भी उठ रहा है। यह वीडियो इस दावे से शेयर किया जा रहा है कि,मुस्लिम आतंकियों से परेशान हो कर स्पेन की जनता ने बार्सिलोना की एक मस्जिद में आग लगा दी। फेसबुक पर यह पोस्ट इस कैप्शन के साथ शेयर हो रहा है….
मुस्लिम आतंकवादीयो के कारनामों से परेशान होकर* स्पेन की जनता ने–सबसे बड़ी मस्जिद जला दी
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने वायरल वीडियो की जांच में कीफ्रेम की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें एक इंडोनेशियाई एक्स अकाउंट से 19 अक्टूबर 2022 को किया गया एक पोस्ट मिला। हमने देखा कि पोस्ट में मौजूद वीडियो के दृश्य वायरल वीडियो से मेल खा रहे थे। वीडियो के साथ लिखा कैप्शन इंडोनेशियाई भाषा में था, जिसका हिंदी अनुवाद था, “उत्तरी जकार्ता के एक इस्लामिक सेंटर मस्जिद की मीनार में आग लग गई”।
फिर हमें सीएनएन इंडोनेशिया की वेबसाइट पर 19 अक्टूबर 2022 को प्रकाशित एक वीडियो रिपोर्ट मिली। इस वीडियो रिपोर्ट में वायरल वीडियो से जुड़े कई दृश्य दिखाई देते हैं। वहीं रिपोर्ट में नार्थ जकार्ता मेट्रो पुलिस चीफ कोम्बस पोल विबोवो के हवाले से बताया गया था कि 19 अक्टूबर 2022 को इस्लामिक सेंटर जकार्ता की मस्जिद की मीनार में आग लग गई थी। आग लगने की वजह से मीनार नीचे गिर गया था।
फिर हमें इंडोनेशियाई मीडिया आउटलेट कोम्पास की वेबसाइट पर भी 20 अक्टूबर 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया था कि 19 अक्टूबर 2022 की दोपहर को जकार्ता इस्लामिक सेंटर की ग्रैंड मस्जिद की गुंबद में आग लग गई थी। मस्जिद का गुंबद आग की चपेट में था और भीषण आग लगने के कारण उसका गुंबद ढह गया था। उत्तर जकार्ता मेट्रोपोलिटन पुलिस के खुफिया और सुरक्षा प्रमुख, एकेबीपी सलामत विबिसोनो ने बताया था कि मस्जिद के गुंबद का नवीनीकरण करने के दौरान यह आग लग गई थी। आग लगने के बाद इस्लामिक सेंटर की मस्जिद को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो साल 2022 में जकार्ता की मस्जिद में लगी आग का है नाकि स्पेन की जनता द्वारा बार्सिलोना की मस्जिद में लगी आग का।

Title:जकार्ता की मस्जिद में आग लगने का पुराना वीडियो, स्पेन की मस्जिद में लगी आग के दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False
