यह वीडियो अमरनाथ का नहीं, हिमाचल प्रदेश में आये हिमस्खलन का है।

False Social

यह वीडियो हाल ही में हिमाचल प्रदेश में आये हिमस्खलन का है। हमने अनंतनाग के पुलिस अधीक्षक से पुष्टि की, अमरनाथ में हाल ही में ऐसी कोई घटना नहीं घटी है।

एक वीडियो इंटरनेट पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। उसमें आप कई लोगों को बर्फ में फंसे हुये देख सकते है। वहाँ मौजूद लोग उस बर्फ के पहाड़ में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अमरनाथ का है। हाल ही में वहाँ हिमस्खलन की घटना हुई थी जिसमें 150 यात्री बर्फ में दबे।

वायरल हो रहे पोस्ट के साथ दावा किया जा रहा है,“अमरनाथ यात्रा में लगभग 150 यात्री बर्फ में दबे यात्री खुद अपने परिजनों को बचाने में लगे बाबा सब पर कृपा बनाए रखें।“

फेसबुक

आर्काइव लिंक

अनुसंधान से पता चलता है कि…

इस वीडियो की जाँच हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च कर की। परिणाम में यही वीडियो A1TV नामक चैनल पर 22 अप्रैल 2023 को प्रसारित किया हुआ मिला। इसके साथ दी गयी जानकारी में बताया गया है कि इस वीडियो में दिख रही घटना हिमाचल प्रदेश में हुये हिमस्खलन की है। 

आर्काइव लिंक

इससे हम कह सकते है कि यह वीडियो हिमाचल प्रदेश का है।

इसके बाद हमने जम्मू- कश्मीर में स्थित अनंतनाग के पुलिस अधीक्षक आशिष कुमार मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि “यह वीडियो अमरनाथ का नहीं है। हाल ही में अमरनाथ में ऐसी कोई घटना नहीं घटी है और अभी वहाँ यात्रा बंद है। अमरनाथ की यात्रा जुलाई में शुरु होगी।

आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में हिमस्खलन की घटना हुई थी। और ये वीडियो उसी संबन्ध में वायरल हो रहा है।

निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। यह वीडियो हिमाचल प्रदेश में हुये हिमस्खलन का है। हाल ही में अमरनाथ में ऐसी कोई घटना नहीं घटी है।

Avatar

Title:यह वीडियो अमरनाथ का नहीं, हिमाचल प्रदेश में आये हिमस्खलन का है।

Fact Check By: Samiksha Khandelwal 

Result: False