मीडिया से बात करते राजपाल यादव का यह वीडियो करीब 8 साल पुराना है, जेल से रिहा होने के बाद का नहीं…

Misleading Social

सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राजपाल यादव मीडिया से बात करते हुए सलमान खान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस दौरान रिपोर्टर राजपाल से सवाल पूछता है, “बेल मिला है, ख़ुशी की बात है, क्या कहना चाहेंगे?” इसके जवाब में राजपाल कहते हैं, “ये कह सकता हूं कि सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं, सलमान भाई का आज घर में उनके साथ बैठकर, हम लोगों को बहुत ख़ुशी महसूस हुई।” यह वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उनको जमानत मिलने के बाद का है और उन्होंने मदद करने के लिए अभिनेता सलमान खान को शुक्रिया कहा है।

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- “जेल से रिहा होने के बाद राजपाल यादव ने सलमान खान के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया।”राजपाल यादव ने भावुक होते हुए कहा, “सलमान भाई मेरे लिए बड़े भाई के समान हैं। हमारी फिल्म इंडस्ट्री में  उनके जैसा दरियादिल इंसान मिलना मुश्किल है; वे हमेशा संकट के समय दूसरों के साथ खड़े रहते हैं।”

https://archive.org/details/20-facebook-1_202602

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…  

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो से तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में हमें  मूवीज अड्डा के यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। यह वीडियो 9 अप्रैल 2018 को अपलोड किया गया है। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं है। 

इस वीडियो में रिपोर्टर राजपाल यादव से सलमान खान को जेल से मिली जमानत पर सवाल पूछता है। इसके बाद राजपाल सलमान खान और उनके साथ की गई फिल्मों की तारीफ करते हैं। वीडियो के डिस्क्रिप्शन में लिखा गया है, “काला हिरण केस में सलमान खान को मिली जमानत पर राजपाल यादव ने चौंकाने वाली प्रतिक्रिया दी।” गौरतलब है कि रिपोर्टर द्वारा सलमान खान पर पूछे गए सवाल को वायरल वीडियो में क्रॉप कर दिया गया है।

हमें वायरल वीडियो ‘Viralbollywood’ के यूट्यूब अकाउंट पर भी दिखा। यहां वीडियो को 8 अप्रैल 2018 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, काला हिरण मामले में सलमान खान को मिली जमानत पर राजपाल यादव की प्रतिक्रिया।

इससे इतना तो स्पष्ट हो गया कि यह वीडियो राजपाल की जमानत से संबंधित नहीं, बल्कि सलमान खान को 8 साल पहले जेल से मिली जमानत से संबंधित है।

जांच में आगे हमें वायरल वीडियो ‘MF News’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 9 अप्रैल 2018 को अपलोड इस वीडियो में  बताया गया है कि काला हिरण मामले में सलमान खान को जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव ने यह बयान दिया था। 

 रिपोर्टर फिर उनसे पूछता है, ”इतने दिनों से टेंशन था अभी थोड़ा-सा रिलैक्स मिला है। आप कैसा महसूस कर रहे हैं?” इसके बाद राजपाल यादव जवाब देते हैं, ”सच में रिलैक्स महसूस कर रहा हूं और उनकी बेहतरी के लिए कामना करता हूं।

बॉलीवुड लेटेस्ट के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड इस वीडियो में भी पत्रकारों द्वारा सलमान खान की जमानत पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजपाल कहते हैं, “मैं कह सकता हूं सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं और सलमान भाई का आज घर में उनके साथ बैठकर बहुत खुशी महसूस होगी।

 सलमान भाई जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में बहुत कम है, वह हमेशा लोगों के लिए हमेशा मदद के लिए खड़े रहते हैं। हमने तो 20 साल से लगातार सलमान भाई के साथ 10-12 फिल्में की हैं और उनके जैसे इंसान अपनी इंडस्ट्री में कम हैं।”

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, मीडिया से बात करते राजपाल यादव का यह वीडियो करीब 8 साल पुराना है। यह वीडियो उस समय का है, जब काला हिरण केस में सलमान खान की जेल से हुई रिहाई पर वह अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। इसका उनके हाल ही में जेल से रिहा होने से कोई संबंध नहीं है।

Avatar

Title:मीडिया से बात करते राजपाल यादव का यह वीडियो करीब 8 साल पुराना है, जेल से रिहा होने के बाद का नहीं…

Fact Check By: Sarita Samal  

Result: Misleading