यह तस्वीर 1999 की नहीं बल्कि 1975 में वियतनाम से बच्चों को एयरलिफ्ट कराये जाने के दौरान की है।

अभी हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा यौन अपराधी व मानव तस्कर जेफरी एपस्टीन की जांच से जुड़े लाखों पन्नों के दस्तावेज, वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक किया गया था। जिससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट काफी वायरल हो रहे हैं। इसी कड़ी में एक पोस्ट वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक तस्वीर दिख रही है। तस्वीर में एक आदमी छोटे-छोटे बच्चों को अलग-अलग बक्सों में रखता हुआ नजर आ रहा है। इसे साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह 1999 के तुर्की भूकंप के दौरान किडनैप किए गए बच्चे हैं। जिनको चोरी करके जेफरी एपस्टीन के लिए भेजा गया था, और उसने हर बच्चे के बदले 300 डालर दिए थे।वायरल पोस्ट को इस कैप्शन से साझा किया जा रहा है…
उन्होंने 1999 के भूकंप के दौरान तुर्की से लड़कियों को किडनैप किया था! एपस्टीन के एक व्हिसलब्लोअर ने कहाः “हमने किडनैप किए गए हर बच्चे के लिए $300 चार्ज किए !”

अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। परिणाम में हमें अमेरिका की रक्षा खुफिया एजेंसी वेबसाइट पर यह तस्वीर 2014 में पोस्ट की हुई मिली। यहां बताया गया था कि 1975 में साउथ वियतनाम के लड़ाई के दौरान, राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड ने नॉर्थ वियतनाम के बड़े हमले के सामने साइगॉन से वियतनामी अनाथ बच्चों को निकालने का आदेश दिया। इस मिशन को ऑपरेशन बेबीलिफ्ट नाम दिया गया था। जिसकी शुरुआत 4 अप्रैल, 1975 को हुई थी। इस दौरान 3,000 से ज़्यादा अनाथ बच्चों को निकाला गया था।

मिली जानकारी की मदद से आगे खोज करने पर हमें वियतनाम की एक मीडिया वेबसाइट पर एक और मीडिया रिपोर्ट मिली,जिसमें वायरल तस्वीर मौजूद थी। वहीं रिपोर्ट में बताया गया था 3 अप्रैल 1975 को, जब वियतनाम युद्ध समाप्त होने वाला था, तब अमेरिकी राष्ट्रपति जेराल्ड फोर्ड ने घोषणा की कि सभी अनाथ वियतनामी बच्चों को तुरंत साइगॉन से हवाई मार्ग से निकाला जाना चाहिए। इस योजना को “ऑपरेशन बेबीलिफ्ट” नाम दिया गया था। अमेरिका ने दावा किया कि वियतनाम से निकाले गए अधिकांश बच्चे अनाथ थे, जिन्होंने संभवतः युद्ध में अपने माता-पिता को खो दिया था, या जिन्हें छोड़ दिया गया था, या जो युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिकों और वियतनामी महिलाओं के बच्चे थे।

इस घटना से सम्बंधित रिपोर्ट को यहां और यहां पर देखे जा सकते हैं, जिनके हवाले से स्पष्ट है कि 1975 में वियतनाम से बच्चों को एयरलिफ्ट किए जाने के दौरान की तस्वीर को एपस्टीन फाइल्स से जोड़कर भ्रामक दावे से फैलाया जा रहा है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि नवजात बच्चों की वायरल हो रही यह तस्वीर वास्तव में 1975 में वियतनाम से एयरलिफ्ट किए जाने के दौरान की है। इसका एपस्टीन फाइल्स से कोई संबंध नहीं है।
Title:1975 वियतनाम युद्ध से एयरलिफ्ट किए गए नवजात बच्चों की तस्वीर एपस्टीन फाइल्स मामले से जोड़कर भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


