यह वीडियो मिस्र के काइरो शहर का है। इसका हमास और इज़राइल के बीच चल रही लड़ाई से कोई संबन्ध नहीं है।

हाल ही में 7 अक्टूबर को हमास ने इज़राइल पर हमला किया था। उसी को जोड़कर एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। उसमें आप कुछ लोगों को पैराशूट में सवार होकर आसमान में उड़ते हुये देख सकते है। ज़मीन पर पार्क में कई लोग मौजूद है जो इन पैराशूट को देखकर खुश और अचंभित हो रहे है। दावा किया जा रहा है कि फिलिस्तीन से हमास के आतंकवादी पैराशूट में सवार होकर इज़राली नागरिकों पर हमला करने के लिये इज़राइल आ रहे है।
वायरल हो रहे पोस्ट में यूज़र ने लिखा है, “खतरा सर पर मंडरा रहा था, बंदूकों से लैस आतंकी मोटर फिटेड ग्लाइडर से उतर रहे थे लेकिन पार्कों में जश्न मना रहे इजराली नागरिकों को लग रहा था कि ये कोई स्पोर्ट्स चल रहा है। वो सीटियां बजा रहे थे, वीडियो बना रहे थे , जब AK47 की तड़तड़ाहट शुरू हुई तो एक मिनट के लिए उन्हें कुछ समझ ही नही आया। दुश्मन अभी आपको नही दिख रहा है लेकिन वो भी आपके सर पर मंडरा रहा है। अभी आप भी जश्न मना लो।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
इस वीडियो की जाँच हमने इनवीड-वी वैरिफाई टूल के माध्यम से की। हमें इससे मिलता- जुलता वीडियो eslamre1 नामक एक टिकटॉक अकाउंट पर मिला। हमने वी.पी.एन का इस्तेमाल कर इस टिकटॉक अकाउंट पर दिये वीडियो को देखा। आप उसको नीचे देख सकते है। यह वीडियो इस साल 28 सितंबर को शेयर किया गया था।
इसमें और वायरल वीडियो में कई दृश्य मिलते- जुलते है।

इसके बाद हमने टिकटॉक के वीडियो के साथ दी गयी जानकारी देखी। उसमें #Egyptian_Umbrellas #Al-Nasr_Club #Trend #Stories #ER ऐसा लिखा हुआ है। इस वीडियो का लोकेशन Masr Al Jadidah लिखा हुआ है। आपको बता दें कि मस्र अल जदीदाह मिस्र की राजधानी काइरो में स्थित एक शहर है। Al- Nasr Club मिस्र के काइरो में स्थित एक फुटबॉल क्लब है। इससे हमने अनुमान लगाया कि यह वीडियो मिस्र के काइरो का हो सकता है।
फिर हमने eslamre1 नामक टिकटॉक अकाउंट को खंगाला। वहाँ हमें ऐसे और दो वीडियो मिले। उनमें भी वायरल वीडियो से मिलती- जुलती तस्वीरें आपको देखने को मिलेगी। ये दोनों वीडियो 29 और 30 सितंबर को पोस्ट किये गये थे।
इस वीडियो में भी लोकेशन मिस्र दी गयी है।
उपर दी गयी सारी जानकारी को जोड़कर हमने गूगल पर कीवर्ड सर्च किया। गूगल मैप्स के ज़रिये हमें Al-Nasr Club को लोकेशन मिला और उसकी कई तस्वीरें भी मिली जो वायरल वीडियो में दिख रही लोकेशन से काफी मिलती- जुलती है। आप नीचे देख सकते है।



इससे हमें समझ गया कि यह वीडियो मिस्र के काइरो का है। जाँच में आगे बढ़ते हुये हमें 12 अक्टूबर को eslamre1 नामक टिकटॉक अकाउंट पर वायरल वीडियो पोस्ट किया हुआ मिला। उसके साथ अकाउंट के संचालक ने यह स्पष्ट किया है कि यह वीडियो हमास- इज़राइल हमले से संबन्धित नहीं है। यह वीडियो मिस्र (इजिप्ट) का है। और पैराशूट पर सवार लोग मिस्र के सशस्त्र बल है।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। यह वीडियो इज़राइल का नहीं, मिस्र की राजधानी काइरो का है। यह हमास के हमले के पहले का वीडियो है।

Title:आसमान में उड़ रहे ढ़ेर सारे पैराशूट का वीडियो हमास- इज़राइल हमले का नहीं है। जानिये इस वीडियो का सच…
Written By: Samiksha KhandelwalResult: False
