ईरान द्वारा इज़राइल पर किए गए मिसाइल हमले से जोड़कर असंबंधित वीडियो फैलाया जा रहा है।

मिडिल ईस्ट में फैले तनाव से जोड़कर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसे ईरान द्वारा इज़राइल पर किए गए मिसाइल हमले का बताकर साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो तेल अवीव का है और हालिया संघर्ष से सम्बंधित है। वहीं वीडियो में ऊंची-ऊंची आग की लपटों और आसमान में उठते काले धुंए को उठते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो के साथ यूज़र ने कैप्शन लिखा है…
तेल अवीव का तेल निकाल दिया ईरान ने
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। परिणाम में हमें यही वीडियो Anadolu Agency के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 17 जनवरी 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना मेक्सिको के कुलियाकान की है, जहां एक रॉयल यॉक कसीनो और ट्रैम्पोलिन पार्क में भीषण आग लग गई थी।
https://www.facebook.com/reel/2622946138095436
फिर हमें Milenio नाम के एक समाचार संस्थान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी 17 जनवरी 2025 को अपलोड की गई वीडियो रिपोर्ट में भी यह वीडियो मिला। पता चलता है कि आग लगने की घटना मेक्सिको के रॉयल यॉक कसीनो की है।
इस घटना से सम्बंधित रिपोर्टों को यहां,यहां और यहां देख सकते हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो ईरान द्वारा इज़राइल पर किए गए मिसाइल हमले का नहीं है। यह करीब 1 साल पुराना वीडियो है जब मेक्सिको के एक कसीनो में आग लगी थी।


