वायरल वीडियो बिहार चुनाव से पहले जुलाई 2025 में मॉनसून सत्र के दौरान का है। इसे भ्रामक दावे से हाल में विधानसभा के अंदर हुई घटना का बता कर शेयर किया जा रहा है।

इन दिनों बिहार में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर बवाल मचा हुआ है। राज्य में NDA की फिर से सरकार बनने और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा गृह विभाग संभालने के बाद। इसे बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो बिहार विधानसभा में हो रहे हंगामे को दर्शा रहा है। यूज़र द्वारा यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह हाल का वीडियो है, जहां बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ विधानसभा में तेजस्वी यादव सम्राट चौधरी को मारने के लिए उठे। वीडियो इस कैप्शन से फैलाया जा रहा है…
सम्राट चौधरी को मारने उठ गए तेजस्वी यादव बुलडोजर के लिए
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें फर्स्ट बिहार झारखंड के एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो मिला। यहां पर वीडियो को 24 जुलाई 2025 को साझा किया गया था। इसके साथ कैप्शन लिखा था, “शर्मनाक: विधानसभा में मां-बहन की गाली-गलौज, विपक्षी विधायकों की ओर दौड़ पड़े सत्ताधारी विधायक; मारपीट के माहौल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुरक्षा घेरे में सदन से बाहर ले जाया गया”।
आगे हमें यहीं वीडियो जय हिन्द टाइम्स नाम के एक इंस्टा अकॉउंट पर 25 जुलाई 2025 को शेयर किया हुआ मिला। कैप्शन के अनुसार, वीडियो को बिहार विधानसभा के अंदर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुए जबरदस्त हंगामे का बताया गया है।
इसी कैप्शन के साथ हमने वायरल वीडियो को जुलाई 2025 का ही पाया। जिससे स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो हालिया नहीं है।
इस दौरान हमें टीवी 9 की रिपोर्ट मिली, जिसे 24 जुलाई 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन पर लगातार घमासान छिड़ा हुआ दिखाई दिया। यह और बढ़ गया जब विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों में भिड़ंत हो गई। एसआईआर पर चर्चा के दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। मार्शल ने दोनों पक्षों को रोका। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद भी दोनों पक्षों के विधायक भिड़े रहे। इस दौरान भाजपा विधायक संजय कुमार ने माइक तोड़ दिया। नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा विधायक संजय कुमार पर गाली देने का आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि भाजपाई गुंडों ने मुझे, मेरे माता-पिता और बहन को गालियां दीं।
फर्स्ट बिहार की वेबसाइट पर 24 जुलाई 2025 को छपी खबर के मुताबिक, “बिहार विधानसभा के सत्र में चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर चर्चा के दौरान हंगामा हो गया था। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बोल रहे थे, तो उनको डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और बीजेपी-जेडीयू के कई विधायकों से बहस हो गई। इस बहस में सम्राट चौधरी के शामिल होने पर माहौल गरमा गया। सदन के भीतर मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। माहौल गरमाने पर सीएम नीतीश कुमार को सुरक्षा घेरे में सदन से बाहर निकाला गया।”
एबीपी बिहार के यूट्यूब चैनल पर इस घटना के सम्बंधित रिपोर्ट देखे जा सकते हैं।
इसलिए हम कह सकते हैं कि वायरल वीडियो को पांच महीना पुराना पाया है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि पुराना है। यह जुलाई 2025 की घटना है जिसे अभी का बताया जा रहा है।
Title:तेजस्वी यादव व सम्राट चौधरी के आमने-सामने आने का पुराना वीडियो हालिया दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


