ईरान में स्क्रिप्टेड व पुराना वीडियो हालिया प्रदर्शन के दौरान भ्रामक दावे से वायरल…

False International

शिया मौलवी को थप्पड़ मारे जाने का वायरल वीडियो पुराना व स्क्रिप्टेड है। साथ ही इसका ईरान में हो रहे हालिया प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं है।

ईरान में बढ़ती महंगाई व आर्थिक बदहाली के खिलाफ हालिया प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति को मौलाना के साथ बहस करने के बाद और उसे थप्पड़ मारता हुआ दिखाई देता है। यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि ईरान में अब मौलनाओं का भी निशाना बनाया जा रहा है। यूज़र ने वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया है… 

ईरान की जनता ने #मुल्ला #मौलवियों की #धुलाई शुरू कर दी

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। परिणाम में हमें 19 अप्रैल 2021 को DW फ़ारसी की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो से जुड़े दृश्य दिखाई देते हैं। वहीं रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के फारस न्यूज एजेंसी के हवाले से यह बताया गया था कि तेहरान पुलिस ने शिया धर्म के कपड़े पहने व्यक्ति को थप्पड़ मारने के वीडियो की जांच की और इसे नकली बताया। साथ ही पुलिस ने इसे बनाने वाले लोगों को भी गिरफ्तार किया। तेहरान के पुलिस प्रमुख हुसैन रहिमी के अनुसार, वीडियो में धार्मिक वेशभूषा में दिख रहा शख्स तेहरान की एक कारपेंट क्लीनिंग की दुकान में ही काम करता है। जबकि हमला कर रहा व्यक्ति उसका बेटा है। 

इसके साथ हमें इंडिपेंडेंट पर्शियन की वेबसाइट पर भी 19 अप्रैल 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो वाले दृश्य दिखाई देते हैं। इस रिपोर्ट में भी तेहरान पुलिस विभाग ने वीडियो को फेक बताते हुए दोनों पिता-पुत्र के गिरफ्तार होने की जानकारी दी है।

हमें ईरान के एक अन्य न्यूज आउटलेट द्वारा एक रिपोर्ट प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि यह वीडियो तेहरान के पासदारान इलाके में शूट किया गया था और इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वीडियो में दिख रहे दोनों लोग पिता-पुत्र थे।

और पड़ताल किए जाने पर हमें ईरानी न्यूज एजेंसी तसनीम के एक्स अकाउंट पर 19 अप्रैल 2021 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें दोनों पिता-पुत्र का बयान मौजूद है। साथ ही वीडियो में तेहरान पुलिस के अधिकारी का भी बयान भी साझा किया गया है।

ईरान इंटरनेशनल नाम के वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट 19 अप्रैल 2021 को अपलोड किया गया है। वीडियो रिपोर्ट में तेहरान पुलिस प्रमुख के हवाले से यह बताया गया है कि वीडियो में नजर आ रहे दोनों लोग पिता और बेटे हैं।

एवीए टुडे नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी 17 अप्रैल 2021 को वायरल पोस्ट शेयर किया गया है। कैप्शन में लिखा गया है कि, यह फर्जी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर मौलवी कहता है, “मेरे कान के नीचे मारो”, जिससे यह स्पष्ट है कि वीडियो फेक है। इसके बावजूद, ऐसे वीडियो की चाह रखने वाले लोग इस वीडियो को तेजी से साझा कर रहे हैं। लोग मौलवी पर हमले की इस फर्जी क्लिप का भी आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।”

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। इस वीडियो का ईरान के मौजूदा हालात से कोई संबंध नहीं है। वीडियो 2021 का है और तेहरान पुलिस के अनुसार, यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है।

Avatar

Title:ईरान में स्क्रिप्टेड व पुराना वीडियो हालिया प्रदर्शन के दौरान भ्रामक दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: False