यह एक पुरानी घटना का वीडियो है, जिसे हालिया इंडिगो संकट से जोड़कर गलत व भ्रामक दावा फैलाया जा रहा है।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो इन दिनों सबसे बड़े परिचालन संकट का सामना कर रही है। हालात यह है कि इंडिगो बड़ी संख्या में अपने फ्लाइट कैंसिल कर रही है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्क्तों का समाना करना पड़ रहा है। इसी बीच कुछ यात्रियों के एयरपोर्ट के रनवे पर बैठकर खाना खाने का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे साझा करते हुए यह दावा किया जा रहा है कि यात्रियों की फ्लाइट कैंसिल होने पर हुई असुविधा के कारण उन्हें रनवे पर खाना पड़ा। वायरल वीडियो इस कैप्शन के साथ साझा हो रहा है…
एयरपोर्ट के ‘रनवे’ पर बैठकर खाना खाते दिखे Indigo के यात्री, वीडियो वायरल
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस से खोजा। परिणाम में हमें एएनआई के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट दिखा, जिसे 15 जनवरी 2024 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार,ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण मुंबई डायवर्ट हुई दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के पैसेंजर मुंबई एयरपोर्ट के टरमैक पर खाते और बैठे हुए दिखाई दिए थें। पोस्ट में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स दर्शाए गए हैं। इससे इतना तो स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो हालिया नहीं है।
इसके बाद 15 जनवरी 2024 को एएनआई की वेबसाइट पर छपी खबर से पता चला कि, गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के मुंबई डायवर्ट होने और एयरपोर्ट के रैंप पर यात्रियों के खाना खाने का वीडियो वायरल होने के बाद एयरलाइंस ने इसके लिए माफी मांगी व भविष्य में इस तरह की घटना न हो, इसके लिए कदम उठाए जाने का भरोसा दिया। फ्लाइट को दिल्ली में कम दृश्यता की वजह से मुंबई के लिए डायवर्ट किया गया था।

इसी प्रकार से हमें इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 17 जनवरी 2024 को छपी रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक, इंडिगो पर 1.2 करोड़ रुपये का जुर्माना और मुंबई हवाई अड्डे पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, क्योंकि यात्रियों ने रनवे पर खाना खाया था। मुंबई हवाई अड्डे पर यात्रियों के रनवे पर खाना खाते हुए एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो और मुंबई हवाई अड्डे को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

इसलिए साफ़ होता है कि रनवे पर बैठ कर खाना खाते यात्रियों का वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं एक साल पुराना है।
इंडिगो संकट पर हालिया स्थिति-
11 दिसंबर 2025 को प्रकाशित दैनिक जागरण की रिपोर्ट में यह बताया गया है कि, इंडिगो एयरलाइन कंपनी ने कुछ यात्रियों को मुआवजा देने का एलान किया है। यह मुआवजा उन यात्रियों को दिया जाएगा जिनकी उड़ानें देरी से थीं या रद्द हो गई थीं। एयरलाइन कंपनी प्रत्येक यात्री को 10-10 हजार रुपये का मुआवजा देगी। यह फैसला यात्रियों को हुई असुविधा के लिए किया गया है। इंडिगो ने इस बात की जानकारी अपने एक्स पोस्ट में साझा की है। बताया गया कि 3/4/5 दिसंबर को यात्रा करने वाले हमारे कुछ कस्टमर कुछ एयरपोर्ट पर कई घंटों तक फंसे रहे और उनमें से कई पर भीड़ की वजह से बहुत बुरा असर पड़ा। हम ऐसे बुरी तरह प्रभावित कस्टमर को ₹10,000 के ट्रैवल वाउचर देंगे। इन ट्रैवल वाउचर का इस्तेमाल अगले 12 महीनों तक इंडिगो की किसी भी यात्रा के लिए किया जा सकता है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, इंडिगो फ्लाइट कैंसल होने पर यात्रियों के ‘रनवे’ पर बैठकर खाना खाने का वायरल हो रहा वीडियो अभी के दिनों का नहीं है। यह एक साल पुराना वीडियो है जब जनवरी 2024 में परिचालन संबंधी समस्या के कारण गोवा से दिल्ली जाने वाली उड़ान को मुंबई के लिए भेज दिया गया था। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में यात्रियों ने खाना खाया था।
Title:इंडिगो संकट के बीच यात्रियों ने एयरपोर्ट के ‘रनवे’ पर बैठकर खाया खाना! वायरल हो रहा वीडियो एक साल पुराना…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


