सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कांग्रेस से नाराजगी जताते यह वायरल वीडियो मध्य प्रदेश विधानसभा 2023 का है, हाल का नहीं।

इस बार के बिहार चुनाव के नतीजों ने महागठबंधन के पूरे समीकरण को पलट दिया है। कांग्रेस और RJD दोनों एक-दूसरे पर हार का ठीकरा फोड़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं बाकी सहयोगी दलों ने भी गठबंधन की दिशा और नेतृत्व पर जमकर सवाल उठाए हैं। इसी संदर्भ में इंटरनेट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का एक वीडियो साझा किया जा रहा है। वीडियो में अखिलेश यादव मीडिया से बात करते हुए यह कहते हैं कि कांग्रेस के लोग तो भाजपा से मिले हुए हैं। इस वीडियो को बिहार चुनाव से जोड़ कर साझा किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि चुनाव में मिली हार के चलते नाराजगी जताते हुए सपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के लिए ऐसा बयान दिया है।वायरल वीडियो इस कैप्शन के साथ शेयर हो रहा है…
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। परिणाम में हमें TV9 Uttar Pradesh Uttarakhand के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का लंबा वर्जन मिला, जिसमें वायरल क्लिप वाला हिस्सा 00:39 मिनट पर साफ सुना जा सकता है। यह वीडियो 19 अक्टूबर 2023 को अपलोड किया गया था। वहीं वीडियो के टाइटल में लिखा था, “Congress पर फायर Akhilesh Yadav बोले “कांग्रेस के लोग BJP से मिले हुए हैं।” इससे इतनी बात यहीं साफ हो गई कि वायरल वीडियो हाल का नहीं है।
हमें यहीं वीडियो पंजाब केसरी टीवी के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। जिसे 19 अक्टूबर 2023 को पब्लिश किया गया था। यहां पर 0:35 मिनट पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देख सकते हैं। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है, “INDIA गठबंधन मे फूट- बोले Akhilesh Yadav, कांग्रेस के लोग BJP से मिले हुए हैं।”
इसके बाद हमें नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 20 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट न मिलने के बाद समाजवादी पार्टी की नाराजगी खुलकर सामने आ गई थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर उन्हें धोखा दिया है।
इसी जानकारी के साथ हमें एनडीटीवी की वेबसाइट पर भी रिपोर्ट छपी हुई मिली। जिससे पता चलता है कि अखिलेश यादव कांग्रेस से नाराज थें क्योंकि एमपी में गठबंधन की घोषणा होने के बाद कांग्रेस ने बाद ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी।
इसके साथ ही भारत समाचार के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो रिपोर्ट में 2:32 मिनट पर वायरल क्लिप वाले हिस्से को देख कर स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस के लोग बीजेपी से मिले हुए हैं, अखिलेश यादव का यह बयान अभी हुए बिहार चुनाव से सम्बंधित नहीं है बल्कि, वीडियो दो साल पुराना है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि, अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस पर नाराजगी जताने के दावे से वायरल वीडियो अक्टूबर 2023 का है। जब मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान सीट बंटवारे पर उन्होंने कांग्रेस से नाराजगी जताई थी। इस वीडियो को बिहार चुनाव से जोड़ कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
Title:अखिलेश यादव का कांग्रेस से नाराजगी जताने वाला एमपी चुनाव का पुराना वीडियो हालिया भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult:Missing Context


