सोमालिया के मोगादिशु में रनवे से फिसले विमान की तस्वीर, कोलकाता का बताकर गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है।

इंटरनेट पर एक दुर्घटनाग्रस्त विमान की तस्वीर तेज़ी से वायरल हो रही है। इसमें दिखाई दे रहा है कि एक विमान पानी के बीच में गिरा हुआ है और वहां मौजूद कुछ लोग इस विमान को देख रहे हैं। इस तस्वीर को साझा करने वाले यूज़र का दावा कि यह विमान कोलकाता से दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुई थी जो समुद्र में गिरकर दुर्घटना का शिकार हो गई। वहीं विमान में मस्तूरत की जमात सवार थी। साथ ही इसमें 55 यात्री भी थें जो सुरक्षित बच गए और उनको एक खरोंच तक नहीं आई। यूज़र ने वायरल तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा है…
अल्लाहमदुलिल्लाह कोलकाता से मस्तूरत की जमात जा रही थी 55 साथी सब अल्लाह ताआला के रास्ते में जा रहे दक्षिण अफ्रीका के सोमालिया जो रस्ते में विमान दुर्घटना हो गया और जहाज पूरा पानी में गिर गया लेकिन एक बंदे को भी खरोच नहीं आया तो ये हमारा यकीन है जो अल्लाह के रास्ते में निकलेगा अल्लाह उनकी हिफाजत फरमाता है

अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले यह पता लगाया कि क्या वाकई में ऐसा कोई भी विमान जो 55 यात्रियों को कोलकाता से सोमालिया ले जा रहा हो हादसे का शिकार हुआ है। इससे सम्बंधित मीडिया समाचारों की खोज की क्यूंकि अगर ऐसा कोई हादसा हुआ होता तो यह बड़ी दुर्घटना होती और इससे जुड़ी खबर बिग ब्रेकिंग होती। लेकिन हमें ऐसी कोई भी मीडिया रिपोर्ट या सूचना प्राप्त नहीं हुई जो वायरल दावे की पुष्टि करता हो। हमने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की वेबसाइट पर ऐसी खबर को तलाशना शुरू किया लेकिन परिणाम नहीं मिले।
फिर हमने वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। परिणाम में हमें टाइम्स नाउ की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट प्रकाशित मिली,जिसमें वायरल तस्वीर से मिलती हुई तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। वहीं खबर के अनुसार, “सोमालिया के अदन अब्दुल्ले अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद गल्कायो जा रहा 50 लोगों को ले जा रहा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सभी यात्री बच गए।“यह विमान स्टारस्की एयरलाइन द्वारा संचालित था और गल्कायो जा रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, सोमाली नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि विमान में उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को मोगादिशु लौटना पड़ा। लैंडिंग के दौरान, विमान रनवे से भटक गया और समुद्र तट के पास जाकर रुक गया।

इसी रिपोर्ट में Russia News के एक्स हैंडल के हवाले से एक पोस्ट किया गया है,जिसमें बताया गया है कि “अदन अडे एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक पैसेंजर प्लेन मोगादिशु बीच पर क्रैश हो गया; सभी 50 पैसेंजर सुरक्षित बच गए। एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद टेक्निकल खराबी की वजह से प्लेन ने मोगादिशु बीच पर इमरजेंसी लैंडिंग की; प्लेन में सवार सभी 50 पैसेंजर सुरक्षित थे।”
मिली जानकारी से आगे खोज करने पर हमें AP News और इंडिया टीवी की वेबसाइट पर भी रिपोर्ट मिली। इनके अनुसार, यह घटना 11 फरवरी 2026 की है, जब सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में स्थित ‘अदन अद्दे इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का एक विमान रनवे से फिसलकर हिंद महासागर के किनारे पानी में जा गिरा था। विमान में चालक दल सहित लगभग 50 से 55 लोग सवार थे। गनीमत यह थी कि विमान गहरे पानी में नहीं डूबा, और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हमें इस बारे में और भी मीडिया रिपोर्ट्स प्राप्त हुई जिसे यहां ,यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है। पूरी तरह से स्पष्ट होता है कि इस तस्वीर का संबंध न तो कोलकाता से है और न ही किसी विशेष धार्मिक जमात से।
निष्कर्ष
हमें मिले साक्ष्यों द्वारा यह पुष्टि होती है कि वायरल तस्वीर के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है। इस तस्वीर का कोलकाता और किसी विशेष धार्मिक जमात से कोई संबंध नहीं है। असल में यह तस्वीर सोमालिया की राजधानी मोगादिशु की है जब एक यात्री विमान तकनीकी खराबी के कारण रनवे से फिसलकर समुद्र के तट पर जा गिरा था, और उसी समय की घटना की तस्वीर को फर्जी आधार पर फैलाया जा रहा है।
Title:सोमालिया के प्लेन क्रैश की फोटो को कोलकाता का बताकर सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश, पड़ताल में जानें असलियत…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


