
काले सूट में प्रधानमंत्री मोदी जैसे दिखने वाले एक शख्स के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो में कहा जा रहा है कि सलमान खान के साथ प्रधानमंत्री मोदी । वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि सलमान खान के साथ प्रधानमंत्री मोदी डांस कर रहे हैं।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- हिन्दु खतरे में है, या अडानी के नंबर बन्ने की खुशी। जिस की खाएं बाजारी उसली बजाय हाजरी।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के बारे में अलग- अलग की-वर्ड के साथ सर्च किया। परिणाम में हमें परवेज़ काज़ी नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो मिला। जिसमें उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है-विकास महंते जी के साथ लंदन में बहुत अच्छा समय बिताया। वीडियो को 19 नवंबर 2023 में अपलोड किया गया है। यहां पर व्यक्ति की शक्ल साफ नजर आ रही है।

बता दें परवेज़ काज़ी सलमान खान की नकल करते हैं, वो हु ब हु सलमान खान की तरह दिखते हैं। इस वीडियो में उन्होंने डांस कर रहे शख्स का नाम विकास महंते बताया है। साथ ही विकास महंते को भी टैग किया है। लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में अभिनेता सलमान खान के डुप्लीकेट परवेज़ क़ाज़ी और पीएम मोदी के डुप्लीकेट विकास महंते ने डांस एवं सिंगिंग के द्वारा मनोरंजन किया था।
जांच में आगे हमने विकास महंत के इंस्टाग्राम अकाउंट सर्च किया। हमें विकास महंते के अकाउंट में कई अन्य वीडियो मिले। उनके प्रोफाइल के अनुसार वो एक अभिनेता, व्यवसायी, समाज सेवक है।

अधिक सर्च करने पर हमें मूवी टिकट बुक करने वाली साइट ‘बुक मॉय शो’ और ‘गेटी इमेज’ में विकास महन्ते के बारे में पता चला। जानकारी के अनुसार विकास महन्ते एक आर्टिस्ट हैं। मुंबई के रहने वाले हैं। सामाजिक कार्य भी करते हैं। लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा चर्चा मिली है पीएम मोदी का हमशक्ल होने की वजह से। इस कारण उन्हें चुनाव प्रचार में भी बुलाया जा चुका है।

इसके अलावा 21 फरवरी 2017 की एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘मोदी का गांव’ नामक एक फिल्म में नरेंद्र मोदी जैसे दिखने वाले विकास महंते पीएम मोदी की भूमिका निभा रहे हैं। आगे बताया गया है कि विकास महंते मुंबई के मलाड क्षेत्र से आते हैं और वह पीएम मोदी के प्रशंसक भी हैं।

निष्कर्ष-
तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो में डांस करने वाले व्यक्ति पीएम मोदी नहीं बल्कि उनके जैसे दिखने वाले विकास महंते हैं। वायरल दावा फर्जी है।

Title:वायरल वीडियो में डांस कर रहे शख्स पीएम मोदी नहीं बल्कि उनके जैसे दिखने वाले विकास महंते हैं..
Written By: Saritadevi SamalResult: False
