मुस्लिम चक्की मालिक का एक बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में नहीं है कोई सांप्रदायिक एंगल,दावा फेक है…

Communal False

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग शख्स को एक मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकतें हुए दिखाया गया है। वीडियो को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का बताया जा रहा है। साथ ही दावा किया जा रहा है कि चक्की मालिक जो एक मुस्लिम है उसने 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की।  

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक मामला आया है। मामला सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। चक्की मालिक ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और जबरन गोदी में उठाकर अंदर ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की। चक्की मालिक मुस्लिम बताया जा रहा है,सहारनपुर पुलिस ने घटना का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं गया है। 

 फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…

पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया  परिणाम में वायरल वीडियो की खबर हमें आजतक पर मिली। यहां पर वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉर्ट मौजूद है। 9 सितंबर 2025 को प्रकाशित इस खबर के अनुसार सहारनपुर में एक बुजुर्ग द्वारा 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ। आरोपी ने आटा चक्की पर बच्ची को पकड़कर अश्लील हरकत की। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें  दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर  मिली। 10 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, सहारनपुर में 70 साल के रिटायर टीचर पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। रात को हुई मोहल्ले की पंचायत में आरोपी के रिश्तेदार ने उसको थप्पड़ मारे थे। आरोपी ने नाबालिग को झाड़ू लगाने के बहाने चक्की पर बुलाया था। 

खबर में आरोपी चक्की मालिक का नाम अजमेर सिंह लिखा हुआ है।

इसके अलावा हमें वायरल वीडियो की खबर पत्रिका पर मिली। प्रकाशित खबर के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपी का नाम अजमेर सिंह है। एक नाबालिग लड़की रिटायर्ड टीचर अजमेर सिंह की चक्की पर गेहूं पिसवाने के लिए आई थी। आरोप है कि अजमेर सिंह ने बच्ची से झाड़ू लगाने के लिए कहा और उससे छे़ड़छाड़ करने लगा। । लड़की विरोध करती है लेकिन अजमेर उसे जबरन अंदर ले जाता है।

जांच में हमें  सहारनपुर पुलिस के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट दिखा।  जिसमें 8 सितंबर को इस मामले में सीओ सदर मनोज कुमार का बयान वीडियो वाला अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, 8 सितंबर को फतेहपुर थाना अंतर्गत क्षेत्र का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ कर रहा है। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

स्पष्टीकरण के लिए  हमने सहारनपुर के फतेहपुर थाना में संपर्क किया। थाना के एक कर्मचारी ने हमें स्पष्ट किया कि आरोपी चक्की मालिक का नाम अजमेर सिंह है और वह हिंदू है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। घटना में वायरल सांप्रदायिक दावा फर्जी है।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में  एक मुस्लिम चक्की मालिक का 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश के दावे से वायरल वीडियो फर्जी है। घटना में सांप्रदायिक एंगल नहीं है। आरोपी चक्की मालिक का नाम अजमेर सिंह है और वह हिंदू है।

Avatar

Title:मुस्लिम चक्की मालिक का एक बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में नहीं है कोई सांप्रदायिक एंगल,दावा फेक है…

Fact Check By: Sarita Samal 

Result: False