लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में फेस्टिवल का वीडियो, टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों मिली हार के बाद बलूचियों के जश्न के फर्जी दावे से वायरल…

False International

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों मिली हार के बाद बलूचियों के डांस का नहीं है वीडियो, लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में हुए फेस्टिवल का है।

अभी बीते रविवार को कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हरा दिया। ईशान किशन को इस मैच में शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया था,जिन्होंने 27 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और 40 गेंदों में 77 रन बनाए। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुर्ता पजामा पहने कुछ लोगों को आग के चारो ओर घूमकर डांस करते हुए दिखाया जा रहा है। वहीं वीडियो में वहां मौजूद लोग इस डांस को देखते हुए ताली बजाते हैं। वीडियो इस दावे से शेयर किया जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों मिली करारी हार के बाद बलोची लोगों ने जमकर डांस किया और जश्न मनाया। यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर भारत की धमाकेदार जीत ने सिर्फ हिंदुस्तान ही नहीं, बल्कि बलोचिस्तान में भी उत्सव करा माहौल बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बलोच समुदाय के लोग ढोल-नगाड़ों पर झूमते, नाचते और तिरंगा लहराते नजर आए। कई युवाओं ने इस जीत को “हमारी जीत” बताते हुए खुलकर खुशी जाहिर की..स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे बलोचिस्तान की आज़ादी की लंबी लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि भारत की हर जीत उन्हें नई उम्मीद देती है। 2019 वर्ल्ड कप के बाद भी बलोच समर्थकों ने भारत को बधाई दी थी, लेकिन इस बार जश्न और भी खुला और मुखर दिखा।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को लेकर गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमें इसी जश्न से मिलता-जुलता एक वीडियो बलूचिस्‍तान डॉट कॉम नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 24 जनवरी 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, यह ‘गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी'(जीसीयू) लाहौर का वीडियो है।

हमें यह वीडियो गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी(जीसीयू) लाहौर से जुड़े एक इंस्टाग्राम अकाउंट से 26 जनवरी 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, इसे जीसीयू के एम्पीथियेटर में बलोचिस्तान कल्चरल डांस का बताया गया।

इसके बाद हमें यहीं वीडियो एक बलूच इंस्टा यूज़र की तरफ से भी साझा किया हुआ मिला, जिसे जनवरी 2026 में अपलोड करते हुए बताया गया है कि यह यूनिवर्सिटी में हुए एक फेस्टिवल के दौरान बलोच डांस का ही वीडियो है। वीडियो को ‘बलोची चाप’ बताया गया है।

आगे और खोज करने पर हमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते दृश्यों वाले वीडियो अन्य इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी मिले। इसमें वीडियो के साथ मौजूद कैप्शन के अनुसार, इसे जीसीयू लाहौर में मनाए गए लोहरी कार्यक्रम का बताया गया था।

निष्कर्ष 

इस प्रकार से हमें मिले साक्ष्यों द्वारा यह स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। वास्तव में यह वीडियो टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों मिली हार के बाद बलोची लोगों के डांस का नहीं है। बल्कि, पाकिस्तान के लाहौर के गवर्नमेंट कॉलेज यूनिवर्सिटी में 23 जनवरी को मनाए गए लोहरी कार्यक्रम के दौरान का है।

Avatar

Title:लाहौर की एक यूनिवर्सिटी में फेस्टिवल का वीडियो, टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों मिली हार के बाद बलूचियों के जश्न के फर्जी दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: False

Leave a Reply