यह वीडियो राहुल गांधी के भगवान राम के अपमान से सम्बंधित नहीं है। वे केंद्र सरकार पर मनरेगा की जगह ‘विकसित भारत-जी राम जी’ कानून को लेकर निशाना साध रहे थें।

सोशल मीडिया पर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे एक जगह मंच पर संबोधन करते हुए कहते हैं कि “ग्राम जी पता नहीं क्या है। नए लॉ का नाम क्या है, मैं नाम ही नहीं जानता इसका… जी ग्राम जी क्या है…ग्राम जी पता नहीं क्या”। यूजर इस वीडियो को साझा करते हुए यह दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने फिर से भगवान राम का अपमान कर दिया। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया गया है…
राहुल गांधी ने फिर किया श्री राम का अपमान।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में राहुल गांधी के वायरल वीडियो को गौर से देखा। लेकिन इसमें हमें भगवान राम का कहीं भी सुनाई नहीं दिया।
हमने यह पाया कि राहुल गांधी वीडियो में “नए लॉ का नाम और ग्राम जी” जैसे शब्द कहते हैं। इसी को आधार बना कर हमने गूगल पर सम्बंधित कीवर्ड से खोजना शुरू किया।
परिणाम में हमें कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर 22 जनवरी 2026 को शेयर किया हुआ वीडियो मिला। पता चलता है कि यह नई दिल्ली में आयोजित नेशनल मनरेगा कन्वेंशन का वीडियो है। इसी में राहुल गांधी मनरेगा की जगह लाए गए नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हैं। वे नए कानून का विरोध करते है, और कहते हैं की वह नहीं जानते। हमने पाया कि अपने संबोधन के दौरान वे कहीं भी भगवान राम का जिक्र नहीं करते। यहां पर अपलोड किए गए वीडियो में 39:50 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।
आगे खोज करने पर हमें दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर इस सम्मेलन से जुड़ी रिपोर्ट मिली। इनके अनुसार, राहुल गांधी ने दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित मनरेगा श्रमिक सम्मेलन में नए कानून का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला था।

19 दिसंबर 2025 को छपी दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, विकसित भारतरोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G Bill, 2025 एक नया कानून है, जो मनरेगा (MGNREGA) को निरस्त करने जा रहा है, इस बिल को संसद की मंजूरी मिल गयी है। इसका उद्देश्य केवल मजदूरी देना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ विकास, आजीविका और बुनियादी ढांचे का निर्माण करना है, ताकि देश को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की ओर ले जाया जा सके।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, राहुल गांधी के वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में उन्होंने एक सम्मेलन में केंद्र द्वारा नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर तंज कसा था। इसका भगवान राम के अपमान से कोई संबंध नहीं है और वीडियो को भ्रामक दावे से फैलाया जा रहा है।
Title:VB-G RAM G कानून को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र पर कसा था तंज,वायरल वीडियो का भगवान राम अपमान से नहीं कोई संबंध…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


