प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर 2000 रुपये इनाम का दावा फर्जी, स्कैम से सावधान

False Online Scams

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत हर नागरिक को फ्री में 2000 रुपये तक का इनाम मिल रहा है। इस इनाम को पाने के लिए लोगों से एक वेबसाईट पर स्क्रैच कार्ड का इस्तेमाल करने के लिए कहा जाता है।

इसी तरह एक अलग वायरल पोस्ट में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आवाज की नकल करके यह दावा भी किया जा रहा है कि यूपी की जनता को पीएम मुद्रा योजना के अंतर्गत 5000 रुपये मुफ्त दिए जा रहे हैं

कई लोग इसे असली सरकारी योजना समझकर क्लिक भी कर रहे हैं। फैक्ट क्रेसेंडो ने इस दावे की जांच की और पाया कि यह दावा पूरी तरह झूठा है। सरकार ने ऐसा कोई इनाम या स्कीम घोषित नहीं की है।

क्या है दावा ?

वायरल पोस्ट में कहा गया है की, “प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अनुसार आपको मिल रहा है फ्री में 2000 रुपये तक का इनाम। इनाम को प्राप्त करने के लिए नीचे Learn More के बटन पर क्लिक करो। स्क्रैच कार्ड को स्क्रैच करो और इनाम को अपने फोनपे या पेटीएम से अपने अकाउंट में प्राप्त करो.”

साथ में एक वेबसाईट की लिंक (https://viralmediabundle.shop/raj1/) भी दी है। 

फेसबुक पोस्ट

फेसुबक पोस्ट

फैक्ट-चेक

अगर वास्तव में सरकार ऐसा कोई लाभ बांट रही होती, तो इसकी जानकारी सरकारी पोर्टल, प्रेस रिलीज़ या आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर जरूर होती।

इसलिए सबसे पहले हमने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की आधिकारिक वेबसाइट और उनके सोशल मीडिया अकाउंट चेक किए। हमें कहीं भी इस तरह के स्क्रैच कार्ड द्वारा 2000 रुपए के किसी इनाम, नकद सहायता या स्कीम का जिक्र नहीं मिला। न ही योगी आदित्यनाथ द्वारा ऐसी किसी घोषणा का कोई वीडियो या खबर मिली है।

इसके बाद हमने पोस्ट में दी हुए लिंक की वेबसाईट की जांच की। यह वेबसाईट किसी भी सरकारी वेबसाइट से जुड़ा नहीं है। न यह प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की आधिकारिक साइट है और न ही केंद्र सरकार की किसी योजना से इसका कोई संबंध है।

नकली वेबसाइट को खोलने पर पेज पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगाई गई है और नीचे लिखा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से सभी लोगों को 1999 रुपये मुफ्त दिए जा रहे हैं। यह संदेश लोगों को सरकारी योजना जैसा दिखाने के लिए बनाया गया है ताकि वे इसे असली समझ लें।

स्क्रैच कार्ड के नाम पर 655 रुपये की ठगी

जब आप स्क्रैच कार्ड को स्क्रैच करते हैं, तो वेबसाइट आपको PhonePe ऐप में ले जाती है। यहां पर इनाम मिलने की जगह आपको एक पेमेंट पेज पर भेज दिया जाता है। जैसे ही आप क्लिक करते हैं, ऐप आपसे UPI PIN मांगता है। इस प्रक्रिया के दौरान आपसे लगभग 655 रुपये की पेमेंट करवाने की कोशिश की जाती है।

यह एक फर्जी स्कैम है जिसमें लोगों को इनाम का लालच देकर खुद से ही पैसे निकलवाए जाते हैं। ऐसा कोई सरकारी ऑफर नहीं है। न सरकार आपको स्क्रैच कार्ड से इनाम देती है और न ही PhonePe या Paytm के जरिए ऐसे लिंक भेजे जाते हैं।

निष्कर्ष

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर 2000 रुपये और 5000 रुपये देने का दावा पूरी तरह झूठा है। वायरल पोस्ट और वेबसाइट दोनों फर्जी हैं। इनका किसी सरकारी योजना से कोई संबंध नहीं है। यह सिर्फ एक ऑनलाइन जाल है जिसमें आपको पेमेंट करने पर मजबूर किया जाता है। ऐसे लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी जानकारी या UPI PIN साझा करें।

Avatar

Title:प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर 2000 रुपये इनाम का दावा फर्जी, स्कैम से सावधान

Fact Check By: Agastya Deokar 

Result: False