क्या पाकिस्तानी क्रिकेट फैन ने टीम को हारते देख टीवी तोड़ दिया ?

False International Sports

१७ जून २०१९ को फेसबुक पर ‘Parmeswar Karai’ नामक एक यूजर ने एक विडियो साझा किया है | विडियो में तीन शख्स दिखाई दे रहे है, जो एक कमरे के कोने में रखे टीवी पर क्रिकेट मैच देख रहे है | अचानक एक शख्स दुसरे को कुछ लाने को कहता है | इसके बाद दूसरा शख्स लोहे की कोई चीज और एक थूकदान ला देता है | पहला शख्स जो काफी गुस्से में है, वह दोनों चीजों से टीवी पर प्रहार करता है | टीवी बंद होता है, तथा टूट जाता है | इतने से उस शख्स का गुस्सा शांत नहीं होता | वह हाथ में बड़ी लाठी लेता है और टीवी पर जोर से प्रहार करता है | पोस्ट के विवरण में अंग्रेजी में लिखा है –

Huge Celebration in Pakistan yesterday

अर्थात कल पाकिस्तान में बहुत बड़ा उत्सव मनाया गया |

आपको पता ही है कि कल यानि रविवार १६ जून २०१९ को इंग्लैंड के मेनचेस्टर शहर में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का वर्ल्ड कप का मैच था | इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी | अतः इस पोस्ट द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि विडियो में पाकिस्तानी फैन अपनी टीम की हार से गुस्सा होकर टीवी तोड़ रहा है | इससे पहले भी पाकिस्तान की हार के बाद पाकिस्तानी फैन्स द्वारा टीवी तोड़े जाने की खबरे आती रही है | तो आइये जानते है इस दावे की सच्चाई |

ARCHIVE POST

संशोधन से पता चलता है कि…

हमने सबसे पहले पोस्ट में साझा विडियो को इन्विड टूल में देकर छोटे छोटे फ्रेम्स में तोडा और फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया तो यांडेक्स सर्च से हमें जो परिणाम मिले, वह आप नीचे देख सकते है |

इस सर्च परिणाम से हमें यू-ट्यूब का एक लिंक मिला | ‘Urgent Electronic’ नामक एक यूजर ने वही विडियो ९ अप्रैल २०१५ को अपलोड किया है, जो उपरोक्त पोस्ट में साझा किया है | विडियो के विवरण में उर्दू भाषा में जो लिखा है उसका सरल हिंदी में भाषांतरण इस प्रकार है – टीवी पर अब्दुल मलिक को देखने के बाद एक पाकिस्तानी शख्स ने टीवी तोड़ दिया | आप यह विडियो नीचे देख सकते है |

इसके अलावा हमें यही विडियो मिला, जो और एक यूजर ‘Games Highlight’ द्वारा २७ मार्च २०१६ को अपलोड किया गया है | इस विडियो के विवरण में लिखा है कि, भारत के साथ मैच हारने के बाद एक बांग्लादेशी फैन की प्रतिक्रिया |

इसके अलावा हमें एक ट्वीट भी मिला, जो २९ अप्रैल २०१५ को Mohammed altamimi नामक यूजर द्वारा साझा किया गया है | इस ट्वीट में भी यही विडियो है | ट्वीट के विवरण में अरेबिक भाषा में लिखा लिखा गया है कि, कल के मैच के बाद एक फैन की प्रतिक्रिया |

ARCHIVE TWEET

इसके अलावा हमें यही विडियो ‘Daily Motion’ के ब्लॉग पर मिला | ‘Iffat-Javaid-CH’ नामक ब्लॉगर ने यह विडियो २३ जनवरी २०१६ को साझा किया है | विवरण में लिखा है – पाकिस्तान बनाम नुज़ीलैंड मैच के बाद की स्थिति |

ARCHIVE BLOG

https://iffat-javaid-ch.skyrock.com/3268930508-Video-Dailymotion.html

इस संशोधन से यह स्पष्ट होता है कि, उपरोक्त पोस्ट में साझा विडियो इसके पहले भी २०१५ से कई बार सोशल मीडिया पर अलग अलग कथनों के साथ साझा किया जा चूका है | रविवार १६ जून २०१९ को इंग्लैंड के मेनचेस्टर शहर में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद पाकिस्तानी फैन द्वारा टीवी तोड़े जाने का यह विडियो कतई नहीं है |

जांच का परिणाम :  इस संशोधन से यह स्पष्ट होता है कि, उपरोक्त पोस्ट में विडियो के साथ किया गया दावा कि, “Huge Celebration in Pakistan yesterday” अर्थात कल पाकिस्तान में बहुत बड़ा उत्सव मनाया गया |” सरासर गलत है | यह विडियो काफी पुराना है तथा अलग अलग कथनों के साथ साझा किया जाता रहा है |

Avatar

Title:क्या पाकिस्तानी क्रिकेट फैन ने टीम को हारते देख टीवी तोड़ दिया ?

Fact Check By: Rajesh Pillewar 

Result: False