
बिहार की सुप्रसिद्ध गायिका शारदा सिन्हा पिछले दिनों कोरोनावायरस से संक्रमित हुई है और उनका वर्तमान में पटना के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस खबर के संबन्ध में सोशल मंचों पर यह खबर फैल रहीं है कि गायिका शारदा सिन्हा का निधन हो चुका है। सोशल मंचों पर जो पोस्ट वाईरल हो रहा है उसमें लिखा है,
“दुःखद समाचार। बिहार की सुप्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा का निधन। भगवान उनकी आत्मा को निर्मल शांति दे। अश्रुपूरित श्रद्धांजलि।“
इस खबर को सोशल मंचों पर काफी तेज़ी से साझा किया जा रहा है।
कई सोशल मंच उपभोक्ताओं ने गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर के साथ एक महिला की तस्वीर भी पोस्ट की है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
सबसे पहले हमने कीवर्ड सर्च के माध्यम से गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर की सच्चाई जानने की कोशिश की, हमें इंटरनेट पर भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी का एक ट्वीट नज़र आया जहाँ उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर गलत है व गायिका शारदा सिन्हा के पुत्र अंशुमन सिन्हा ने बताया कि शारदा सिन्हा कोरोना से संक्रमिक है परंतु उनका स्वास्थ्य ठीक है।
मनोज तिवारी के इस ट्वीट का जवाब देते हुए गायिका शारदा सिन्हा ने खुद ट्वीट करके मनोज तिवरी के स्पष्टीकरण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है
आपको बता दें की मनोज तिवारी का स्पष्टीकरण ट्वीट दिनांक 25 अगस्त 2020 का है व शारदा सिन्हा का जबाबी ट्वीट 26 अगस्त 2020 का है। चूंकि ये ट्वीट एक – दो दिन पुराने है, फैक्ट क्रेसेंडो ने गायिका शारदा सिन्हा के सुपुत्र अंशुमन सिन्हा से उनकी माता का वर्तमान हाल जानने के लिए संपर्क किया। अंशुमन ने गलत खबर फैलाने वालों पर आक्रोश जताया और हमें गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर गलत है ये स्पष्ट किया व यह भी बताया कि शारदा सिन्हा का स्वास्थ पहले से बेहतर है और वह तेज़ी से ठीक है रहीं हैं। अंशुमन सिन्हा ने कहा,
“माँ के निधन की खबर बिलकुल झूठी है। माँ कोरोनावायरस से संक्रमित है इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है जैसा वाईरल खबर में दावा किया जा रहा है। वे स्वस्थ है और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आ रहा है। मैंने अस्पताल के एक डाक्टर को कहकर माँ का एक स्पष्टीकरण वाला वीडियो भी मंगवाया है और उसे हमारे सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है।“
इस वीडियो में आप 3.55 से लेकर 5.25 तक आप गायिका शारदा सिन्हा का वीडियो देख सकते है।
अनशुमन सिन्हा ने हमें यह भी बताया कि मोतिहारी श्रेत्र के पुलिस थाने में एक शारदा सिन्हा नामक दरोगा की मृत्यू कुछ ही दिनों पहले कोरोनावाईरस से हुई है और इसलिए लोगों को यह गलत फहमी हो गई होगी।
“दरअसल कुछ ही दिनों पहले मोतिहारी क्षेत्र के पुलिस थाने में एक महिला दरोगा की कोरोनावायरस के चलते मृत्यु हुई है। उस महिला का नाम भी शारदा सिन्हा ही था और इसलिए लोगों को गलत फहमी हो गई और उन्होंने मेरी माँ, गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर को फैलाना शुरू कर दिया।“
इसके उपरांत हमने मोतिहारी क्षेत्र के एस.एच.ओ राजिव कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि
“54 वर्षीय दरोगा शारदा सिन्हा की कोरोनावायरस के चलते मृत्यू हुई है। उनका स्वास्थ्य पहले से ही ठीक नहीं था, उन्हें भारी मात्रा में मधुमेह की बिमारी व ब्लड प्रेशर की बिमारी थी और उसके साथ वे कोरोनावायरस से संक्रमित भी हो चुकी थी जिसके चलते उनका निधन हो गया।“
इसके पश्चात मोतिहारी के एस.आई द्वारा हमें मृत दरोगा शारदा सिन्हा की तस्वीरें भिजवाई गयीं।
54 वर्षीय दरोगा शारदा सिन्हा की मृत्यु को गायिका शारदा सिन्हा की मृत्यु समझकर कुछ लोगों द्वारा सोशल मंचो पर उनकी मृत्यु की खबर चलाई गई है, गायिका शारदा सिन्हा जीवित है व हम उनके जल्द ही पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने उपरोक्त दावे को गलत पाया है। गायिका शारदा सिन्हा के निधन की खबर झूठी है, वे कोरोना संक्रमित होने के कारण अस्पताल में भर्ती है व बिलकुल स्वस्थ है।

Title:मोतिहारी की दरोगा शारदा सिन्हा के निधन को लोकगायिका शारदा सिन्हा का निधन बता गलत फैलाया जा रहा है।
Fact Check By: Rashi JainResult: False
