ये एक हरियाणवी शूट का वीडियो है, नेपाल में एक हिंदू महिला के साथ बलात्कार के आरोप में मुसलमानों को फाँसी दिए जाने का नहीं…

Misleading Social

सोशल मीडिया पर एक विज़ुअल सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें सड़क पर बने एक स्ट्रक्चर से तीन लोग लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि तीन मुसलमानों ने कथित तौर पर एक नेपाली हिंदू लड़की का रेप किया था, जिसके बाद नेपाल में हिंदुओं ने उन्हें पकड़कर फाँसी पर लटका दिया। 

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- नेपाल में जिहादियों ने एक नेपाली हिंदू लड़की का बलात्कार किया।नेपाली हिंदुओं ने उसे सड़क पर फांसी पर लटका दिया।

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि…  

 पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल  वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो से मिलता जुलता वीडियो हमें एक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया हुआ मिला। इसके मुताबिक ये एक  म्यूज़िक वीडियो का क्लिप है।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें फांसी वाला दृश्य एक अलग एंगल से, “Defender” नाम के एक हरियाणवी म्यूज़िक वीडियो में भी मिला। यह वीडियो 5 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था, जिसमें मनकीरत औलख, अक्षरा सिंह और रेणुका पंवार ने अभिनय किया है।

आगे सर्च करने पर  पता चला कि विज़ुअल के बैकग्राउंड में दिखाई देने वाली इमारत पंजाब के पटियाला में स्थित किला मुबारक है। 

दोनों की साथ-साथ तुलना करने पर इस बात की पुष्टि होती है कि विज़ुअल में दिखाई गई जगह किला मुबारक की इमारत से मेल खाती है । वायरल विज़ुअल्स और हरियाणवी म्यूज़िक वीडियो के स्क्रीनशॉट की तुलना से पता चलता है कि दोनों एक ही सीन के हैं। साथ ही ये विज़ुअल्स भी वीडियो की शूटिंग के दौरान लिए गए थे।

वायरल वीडियो में एक क्रेन कैमरा दिखाई देना इस बात की और पुष्टि करता है कि इसे एक प्रोडक्शन सेटअप के हिस्से के तौर पर फ़िल्माया गया था। इसलिए, यह साफ़ है कि इन विज़ुअल्स में नेपाल में मुसलमानों को सरेआम फाँसी दिए जाने का दृश्य नहीं दिखाया गया है ये एक म्यूज़िक वीडियो की शूटिंग के दृश्य हैं।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, एक हरियाणवी म्यूज़िक वीडियो की शूटिंग का विज़ुअल, नेपाल में एक हिंदू महिला के साथ बलात्कार के आरोप में मुसलमानों को फाँसी दिए जाने की घटना बताकर ग़लत तरीक़े से शेयर किया जा रहा है।

Result Stamp

Title: ये एक हरियाणवी शूट का वीडियो है, नेपाल में एक हिंदू महिला के साथ बलात्कार के आरोप में मुसलमानों को फाँसी दिए जाने का नहीं…

Fact Check By: Sarita Samal

Result: Misleading

Leave a Reply