पीएम मोदी का एक पुराना वीडियो यूजीसी के हालिया मामले से जोड़कर गलत दावे से वायरल…

Misleading Political

यह बयान 2016 में तेलंगाना में एक जनसभा के दौरान दिया गया था। इसे पीएम मोदी द्वारा दिया गया हालिया बयान बताकर फर्जी दावा किया जा रहा है।  

यूजीसी के नए नियमों से जुड़े हालिया विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें पीएम मोदी कहते हैं,”और मैंने देखा कि मेरे इन दलित एंटरप्रेन्योर्स में देश बदलने की ताकत है। मैं उनको बल दे रहा हूं, ताकत दे रहा हूं, इसके कारण कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।इस वीडियो को साझा करते हुए यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी का यह बयान अभी का है जो उन्होंने दलितों से जोड़ते हुए दिया है।वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

UGC से जुड़े मुद्दों और चल रही बहस के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दलित समाज को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दलितों में देश बदलने की ताकत है और उन्हें सशक्त बनाना ज़रूरी है। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और अलग-अलग प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं।आख़िर इस बयान का UGC और सामाजिक समीकरणों पर क्या असर पड़ेगा? पूरी जानकारी के लिए वीडियो देखें।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स लेंस सर्च किया। परिणाम में हमें एबीपी माझा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 7 अगस्त 2016 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल फुटेज से मिलते-जुलते दृश्य दिखाई देते हैं। यहां पर वीडियो को हैदराबाद का बताया गया है।

और सर्च करने पर हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 7 अगस्त 2016 को अपलोड किया गया वायरल वीडियो का पूरा वर्शन मिला। यह वीडियो तेलंगाना के गजवेल में आयोजित एक सार्वजनिक सभा का था। इसमें वायरल हिस्सा 12 मिनट 40 सेकंड के बाद आता है जब पीएम मोदी दलितों के खिलाफ हिंसा और दलित उद्यमियों के सशक्तीकरण पर बात कर रहे थें।

फिर हमें बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया हुआ मिला,जिसमें हम वायरल वीडियो वाले हिस्से को देख सकते हैं। 

इसलिए स्पष्ट रूप से कह सकते हैं कि यह वीडियो लगभग 10 साल पुराना है और इसका यूजीसी मामले से कोई संबंध नहीं है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में पीएम मोदी का वायरल वीडियो लगभग 10 साल पुराना है जिसे यूजीसी के हालिया मामले से जोड़कर भ्रामक दावे से साझा किया जा रहा है।

Avatar

Title:पीएम मोदी का एक पुराना वीडियो यूजीसी के हालिया मामले से जोड़कर गलत दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Misleading