
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का पहले चरण का मतदान हो चुका है। इस बीच केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनको पुलिस जीप में बैठे देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ईवीएम में वोट चोरी करने के आरोप में पटना में चिराग पासवान को गिरफ्तार किया गया है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- वोट चोरी में चिराग पासवान गिरफ्तार हुआ पटना में Evm मशीन लगाया गया था vote चोरी करने के लिए please आप लोग शेयर करे
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो की क्लिप हमें Live Cities के यूट्यूब चैनल पर मिला।15 फरवरी 2022 को अपलोड इन दोनों वीडियो में वायरल क्लिप से जुड़े दृश्य मौजूद हैं। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल ही का नहीं है।
वीडियो रिपोर्ट में बताया गया है कि पटना में राजभवन मार्च के दौरान लोजपा नेता चिराग पासवान को गिरफ्तार किया गया था और उनके समर्थकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया था। बतौर रिपोर्ट, चिराग को हिरासत में लेकर सचिवालय थाना ले जाया गया था।

जांच करने पर हमें न्यूज पीआर नामक यूट्यूब चैनल पर भी 15 फरवरी 2022 को अपलोड किए गए वीडियो में वायरल क्लिप मिला। इस वीडियो में वही बातें बोली जा रही हैं, जो वायरल क्लिप में मौजूद हैं।

प्रभात खबर की 15 फरवरी 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, पटना में लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान नीतीश सरकार के खिलाफ ‘बिहार बचाओ यात्रा’ मार्च निकाल रहे थे। चिराग पासवान नीतीश सरकार को फेल बताकर बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे, जिस पर पुलिस ने उनको समर्थकों सहित उन्हें हिरासत में ले लिया।

रिपोर्ट में पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों के हवाले से बताया गया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेता को बाद में रिहा कर दिया गया। इस घटना को आजतक, दैनिक जागरण, ने भी इसी जानकारी के साथ कवर किया था।
‘बिहार तक’ ने पुलिस के चिराग पासवान को गिरफ्तार करने का वीडियो भी शेयर किया था, इसमें वायरल वीडियो वाले एक विजुअल को भी देखा जा सकता है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि वायरल वीडियो फरवरी 2022 का है, जब नीतीश सरकार के खिलाफ मार्च निकाल रहे चिराग पासवान को बिहार पुलिस ने हिरासत में लिया था।
Title:चिराग पासवान की गिरफ्तारी का 2022 का पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल….
Fact Check By: Sarita SamalResult: False


