सिक्किम में निकाली गई ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का वीडियो नेपाल के दावे से वायरल…

False Social

 ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का वीडियो नेपाल में निकाली गई हालिया यात्रा का बता कर असंबंधित दावे से फैलाया जा रहा है।

नेपाल में सितंबर महीने की शुरुआत में हुए हिंसक आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बाद पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया है। सुशीला कार्की ही अब नेपाल की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगी। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया है, जिसमें कुछ लोगों को भारतीय ध्वज के साथ मार्च करते हुए और भारत समर्थित नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह नेपाल का हालिया वीडियो है जहां हिंदू राष्ट्र की मांग करते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए जा रहे हैं। यूज़र ने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा है…

बहुत बड़ा शुभ संयोग बन रहा है l बहुत जल्द शुभ समाचार मिलने वाला है l भारत के हिन्दू राष्ट्र के लिए अब आवाज नेपाल से रही है**भारत माता की जय हो*जय हिन्द वन्देमातरम

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें सिक्किम की स्थानीय मीडिया आउटलेट Sikkim Voice के फेसबुक पेज पर 12 अगस्त 2025 को अपलोड किया गया वीडियो मिला। हालाँकि इसमें दिखाई दे रहा वीडियो अलग एंगल से शूट किया गया है। वहीं कैप्शन में दी गई जानकारी के अनुसार यह सिक्किम की राजधानी गंगटोक में तिरंगा यात्रा निकाले जाने के दौरान का है, जिसमें राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने भी भाग लिया था। 

फिर हमें ईस्ट मोजो के यूट्यूब चैनल पर 12 अगस्त 2025 को शेयर किया गया वायरल वीडियो का विस्तृत संस्करण मिला। अपलोड किए गए वीडियो के साथ लिखे विवरण से पता चलता है कि, “गंगटोक में 12 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ रैली के साथ 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की गई थी। इसमें राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह गोले, कैबिनेट मंत्री, विधायक, नागरिक और स्कूली छात्र ने हिस्सा लिया था। यह रैली एमजी मार्ग से शुरू हुई जो लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मनन केंद्र पर समाप्त हुई। बाद में, मुख्यमंत्री ने राज्य संस्कृति एवं विरासत विभाग द्वारा मनन केंद्र में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया था।”

इंडिया टुडे नार्थ ईस्ट के यूट्यूब चैनल पर भी इस यात्रा के विजुअल दिखाई देते हैं। कैप्शन के अनुसार, 12 अगस्त 2025 को राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग-गोले के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और स्कूली छात्र शामिल हुए, सभी ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराया था। 

इसके अलावा सिक्किम न्यूज 24 के फेसबुक पेज पर दी गई जानकारी के अनुसार, तिरंगा यात्रा की शुरुआत गंगटोक में एमजी मार्ग से हुई, जिसका समापन मनन केंद्र पर हुआ। 

पड़ताल किए जाने के दौरान हमने पाया कि सिक्किम सरकार के फेसबुक पेज इसी तिरंगा यात्रा के फोटो शेयर किए गए थें जो 12 अगस्त 2025 के हैं।

साथ ही इसी रैली की तस्वीरें हमें सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले के फ़ेसबुक पोस्ट पर भी मिलीं। पोस्ट में वायरल वीडियो से मिलती हुई तस्वीरें दिखाई देती हैं।

अंत में हमने वीडियो को और अधिक स्पष्ट करने के लिए वायरल वीडियो में एक जगह दिखे ‘PM EKTA MALL’ के बारे में भी सर्च किया।

इसके परिणाम में हमें पीआईबी की 29 जुलाई 2025 की एक प्रेस रिलीज़ मिली। इसमें बताया गया है कि यह केंद्र सरकार की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका मकसद 27 राज्य के ODOP, GI और हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देना है।

इसलिए साफ़ हो जाता है कि वायरल वीडियो का नेपाल से कोई संबंध नहीं है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो सिक्किम के गंगटोक में निकाली गई ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का है जिसे नेपाल का बता कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Avatar

Title:सिक्किम में निकाली गई ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का वीडियो नेपाल के दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: False

Leave a Reply