
नेपाल में हाल ही में जेन जी ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद वहां पर अंतरिम सरकार का गठन हो चुका है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसवालों को कुछ लोगों की बेहरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नेपाल की तरह सरकार विरोधी प्रदर्शन करने पर यूपी में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया ।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- लाल टोपी चले थे नेपाल बनाने, क्या हश्र हुआ खुद देख लीजिए ….
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में वायरल वीडियो हमें MOJO स्टोरी के यूट्यूब पर मिला। यहां पर वीडियो को 4 जुलाई 2021 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाले दृश्य मौजूद है।

प्रकाशित खबर के अनुसार वायरल वीडियो प्रयागराज का है और साल 2021 का है, जब सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था।

मिली जानकारी से मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो हमें ABP Ganga के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 3 जुलाई 2021 को अपलोड किया गया था।
दी गई जानकारी के अनुसार,” उतार प्रदेश से जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजे आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कुर्सियां फेंकी है। वहीं,पुलिस ने भी जमकर लाठीचार्ज किया।”

सपा ने क्यों किया था प्रदर्शन-
वीडियो से जुड़ी खबर नवभारत टाइम्स की एक खबर में भी मिली। रिपोर्ट के अनुसार तब उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान हो रहा था। इसी दौरान प्रयागराज में समाजवादी पार्टी ने मौजूदा बीजेपी सरकार पर डिवाइस की मदद से गलत वोटिंग कराने का आरोप लगाया और इसके विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने शहर के आनंद हॉस्पिटल चौराहे के पास धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बीजेपी उम्मीदवार के जीतने के बाद जब पुलिस कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग के बाहर हटाने लगी तो पुलिस और उनके बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
सपा कार्यकर्ताओं ने मतदान में धांधली का आरोप लगाते हुए तब दोबारा मतदान कराने की भी मांग उठाई थी।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे लेकिन बावजूद इसके पुलिस ने उनके साथ मारपीट की।

साल 2021 में समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी इस वीडियो को शेयर करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा था। इससे साफ है कि यह वीडियो पुराना है और इसका नेपाल विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
https://twitter.com/samajwadiparty/status/1411316082988654600
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, नेपाल की तरह सरकार विरोधी प्रदर्शन करने पर यूपी में सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के दावे से वायरल वीडियो चार साल पुराना है और यूपी पंचायत चुनाव 2021 के दौरान का है।
Title:नेपाल की तरह सरकार विरोधी प्रदर्शन करने पर यूपी में पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया? नहीं वीडियो पुराना..
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading


