वीडियो कुछ महीने पुराना है। इसका पटना में हुई विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक से कोई संबन्ध नहीं है।

23 तारिख को बिहार की राजधानी पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक बुलायी थी। उसमें 15 विपक्षी दलों शामिल थे। जिसमें छह राज्यों के मुख्यमंत्री और 5 राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री मौजूद थे। इन राजनेताओं में कांग्रेस के राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती, उद्धव ठाकरे ऐसे अन्य कई दिग्गज नेता मौजूद थे। इसमें 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के बारे में चर्चा की गयी है। इस बैठक को जोड़कर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। उसमें वे सारे राजनितिक दलों में हो रहे परिवारवाद के बारे में बोल रहे है।
दावा किया जा रहा है कि एक तरफ सारी विपक्षी पार्टियाँ प्रधानमंत्री और भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रही है, वही दूसरी तरफ आप के नेता संजय सिंह सभी पार्टियों के खिलाफ बोल रहे है। वायरल हो रहे पोस्ट में यूज़र ने लिखा है, “ध्यान से सुनिए। बिहार में होने वाली विपक्षी पार्टियों के संवाद सुनने से पहले अरविंद केजरीवाल के सहयोगी संजय सिंह द्वारा सभी पार्टी के लिए खास संदेश सुनाया गया है।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
इस वीडियो को देखने पर हमने वहाँ गुजराती भाषा में मनोज सोरठिया लिखा हुआ देखा। इसको ध्यान में रखते हुये हमने गूगल पर कीवर्ड सर्च किया। हमने अमर उजाला के वेबसाइट पर लिखा हुआ पाया कि मनोज सोरठिया सूरत में स्थित करंज विधानसभा चुनाव 2022 में उम्मीद्वार थे। इसके बाद हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च किया तो हमें वायरल क्लिप का मूल वीडियो आम आदमी पार्टी के चैनल पर 20 नवंबर 2022 को प्रसारित किया हुआ मिला। इसमें दी गयी जानकारी में बताया गया है गुजरात के करंज में आप नेता संजय सिंह की जनसभा।
इसमें वे करंज से विधानसभा सीट के उम्मीद्वार मनोज सोरठिया के लिये प्रचार करने गये थे। उस दौरान उन्होंने हर राज्य में राजनीतिक दलों में चल रहे परिवारवाद पर आवाज़ उठायी थी। इससे हम कह सकते हैं कि यह वीडियो अभी का नहीं है।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। यह वीडियो अभी का नहीं सात महिने पुराना है। इसका पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक से कोई संबन्ध नहीं है।

Title:देश में राजनितीक दलों में हो रहे परिवारवाद पर आवाज़ उठा रहे आप के संजय सिंह का वीडियो अभी का नहीं, पुराना है।
Written By: Samiksha KhandelwalResult: False
